चंडीगढ़ PU में आधी रात छात्रों की भिड़ंत: 2 घंटे तक हॉस्टल के बाहर चले लात-घूंसे, पुलिस ने कुछ को हिरासत में

0

पंजाब यूनिवर्सिटी में सोमवार देर रात हॉस्टल नंबर-2 के बाहर दो छात्र गुटों के बीच करीब 2 घंटे तक मारपीट होती रही। दोनों पक्षों के छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए। खास बात यह रही कि मौके पर पुलिस और यूनिवर्सिटी सिक्योरिटी मौजूद होने के बावजूद काफी देर तक विवाद चलता रहा।

घटना रात करीब 1 बजे शुरू हुई। बताया जा रहा है कि पहले छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्ष अपने-अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

झड़प की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कुछ छात्र वहां से भागने लगे। सामने आए वीडियो में PCR वाहन के आगे छात्रों को भागते और पुलिसकर्मियों को उनका पीछा करते देखा जा सकता है।

पुलिस ने कुछ छात्रों को पकड़कर हिरासत में लिया। एक छात्र को पुलिसकर्मी गले से पकड़कर अपने साथ ले जाते हुए भी वीडियो में नजर आया।

घटना के वीडियो में कुछ छात्र पुलिस और सिक्योरिटी कर्मचारियों की मौजूदगी में भी एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। दोनों तरफ से लात-घूंसे चले। पुलिस और सिक्योरिटी ने छात्रों को अलग कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।

मौके पर मौजूद एक छात्र ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। वीडियो में छात्रों के बीच मारपीट और पुलिस द्वारा कुछ छात्रों को पकड़कर ले जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में बैकग्राउंड में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का गाना ‘एक खटोला जेल के अंदर, एक खटोला जेल के बाहर’ लगाया गया है।

पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में पुलिस चौकी के साथ यूनिवर्सिटी की सिक्योरिटी भी तैनात रहती है। इसके बावजूद विवाद करीब दो घंटे तक चलता रहा।

डीएसपी एसपीएस सोंधी के अनुसार, सोमवार रात PU से पुलिस कंट्रोल रूम को मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ छात्रों को हिरासत में लिया गया था। हालांकि, किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई। इसके चलते पुलिस ने आगे की कार्रवाई नहीं की।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *