मोहाली एयरपोर्ट रोड पर चलती कार बनी आग का गोला, धमाकों से दहला इलाका; ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
मोहाली। एयरपोर्ट रोड पर सेक्टर-82 के पास रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही महिंद्रा टीयूवी कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार के मालिक जीरकपुर निवासी महिंदर कुमार समय रहते वाहन से बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार महिंदर कुमार अपनी कार में जा रहे थे।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उन्हें कार से धुआं निकलने के बारे में बताया। महिंदर कुमार ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया। कार रुकते ही उसमें अचानक आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के दौरान कार से दो जोरदार धमाके भी हुए, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तत्काल आग की सूचना संबंधित विभाग को दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना को काफी समय बीत जाने के बावजूद फायर ब्रिगेड के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी लोगों में नाराजगी रही। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
