कई साल बाद बिहार घर दिखाने ले जानी थी 4 साल की अनुष्का, अब पहुंचेगी उसकी लाश
खुशी-खुशी बाजार में शॉपिंग कर घर लौट रहा परिवार एक पल में मातम में बदल गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वह बिलखते हुए कह रही है—अब छोटे भाई को राखी कौन बांधेगा।
मोहाली के फेज-1 स्थित खोखा मार्केट के पास दोपहर के समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार अपने मां-बाप और छोटे भाई के साथ बाजार में खरीदारी करने आया था और घर लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक कार सड़क से पार्किंग की ओर मुड़ रही थी। अचानक चार साल की मासूम अनुष्का का हाथ ठोकर लगने से अपनी मां से छूट गया और वह जमीन पर गिर गई।
कार चालक को बच्ची के गिरने का पता नहीं चला और गाड़ी का अगला टायर उसके ऊपर चढ़ गया। गंभीर हालत में बच्ची को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की तस्वीरें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गईं, जिन्हें देखना बेहद दर्दनाक बताया जा रहा है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि कार चालक घायल बच्ची को अपनी गाड़ी में अस्पताल तो लेकर गया, लेकिन वहां पहुंचकर उन्हें बाहर उतारकर फरार हो गया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने गाड़ी का नंबर नोट कर लिया है। अब पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि परिवार रोजी-रोटी की तलाश में कई साल पहले मोहाली आया था और मटौर इलाके में रहकर बच्ची के पिता कारपेंटर का काम करते हैं।