उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बड़ा हादसा: गंगोत्री हाईवे पर भागीरथी नदी में समाई इनोवा कार, 4 की मौत

0

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में सात लोग सवार थे। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य तीन लोगों की तलाश जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी यात्री गुजरात के साबरमती क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वे उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे। हालांकि, यात्रियों के नाम, पते और पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

हादसा गंगनानी में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत एवं बचाव दल सक्रिय हो गए। स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं।

रेस्क्यू टीमों ने अभियान चलाकर नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए। नदी के तेज बहाव को देखते हुए जल पुलिस और गोताखोरों की मदद से बाकी लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मनेरा से एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। आपदा कंट्रोल रूम और पुलिस की टीमें यात्रियों की पहचान और उनके परिजनों से संबंधित जानकारी जुटाने में लगी हैं।

प्रशासन ने आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को अलर्ट पर रखा है, ताकि किसी घायल के मिलने पर उसे तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *