3 मंजिला बिल्डिंग का हिस्सा गिरा, 2 की मौत, जेई और एई सस्पेंड, ठेकेदार पर दर्ज हुई FIR
पुरानी दिल्ली के व्यस्त और संकरे इलाके चावड़ी बाजार में हुए इमारत हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है. यहां एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा अचानक ढहने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है. मलबे के नीचे दबे लोगों को तेजी से निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है. दिल्ली पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मलबे से निकाले गए लोगों में से दो को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है. वहीं, एक घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि हादसे का शिकार हुई संरचना ‘ग्राउंड प्लस टू’ (दो मंजिला) इमारत थी. मामले में शुरुआती लापरवाही सामने आने के बाद नगर निगम (MCD) ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) और असिस्टेंट इंजीनियर (AE) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके अलावा, निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का ध्यान न रखने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई है.
हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत-बचाव कार्य के लिए NDRF की टीम को बुलाया गया. NDRF के जवान आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबे को हटाने और उसके नीचे फंसे संभावित लोगों की तलाश में जुटे हैं. संकरी गलियों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन टीम तेजी से काम कर रही है ताकि हर किसी को सुरक्षित निकाला जा सके. राहत टीमें मलबे को सावधानी से हटाने में जुटी हैं ताकि अंदर फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.फिलहाल इमारत के ढहने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
