LG मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी, बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना

0

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पवित्र अमरनाथ यात्रा 2026 के पहले जत्थे को जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘बम बम भोले’ और ‘हर हर महादेव’ के पारंपरिक जयकारों के बीच तीर्थयात्रियों का यह पहला काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर घाटी के लिए आगे बढ़ा।

श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस मौके पर स्वयं बेस कैंप पहुंचकर श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनकी सुरक्षित व सुखद यात्रा की कामना की। पहले जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों पर संतोष जताया और यात्रा को लेकर भारी उत्साह दिखाया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा कुल 57 दिनों की होगी। यह यात्रा 3 जुलाई से पहलगाम और बालटाल, दोनों ही पारंपरिक रास्तों से एक साथ शुरू होगी और रक्षा बंधन के दिन यानी 28 अगस्त को समाप्त होगी।

उद्घाटन के इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात, स्पेशल डीजी एस जे एम गिलानी, जम्मू डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार, आईजीपी जम्मू भीम सेन तुती, आईजीपी सीआरपीएफ अमोल होमकर और आईजीपी ट्रैफिक एम सुलेमान चौधरी समेत सिविल प्रशासन, पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात रहे।

यात्रा मार्ग और बेस कैंपों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार बेहद कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पहलगाम और बालटाल दोनों ही रूटों और संपर्क मार्गों की सघन निगरानी के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की 670 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा संवेदनशील चौकियों और हाईवे पर नेशनल हाईवे डोमिनेशन और चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिएक्शन टीमों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

​हरी झंडी दिखाने से एक दिन पहले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर स्थित यात्री निवास का बारीकी से निरीक्षण किया था। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा, सुरक्षा प्रबंध, स्वास्थ्य सेवाएं, हेल्प डेस्क, सफाई व्यवस्था और बिजली-पानी की निर्बाध सप्लाई की जांच की थी।

एलजी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि भारी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को संभालने के लिए स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही भगवती नगर बेस कैंप और तवी रिवरफ्रंट पर लगातार लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कराने को कहा गया है ताकि यात्रियों को हर जरूरी जानकारी समय पर मिलती रहे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *