पंचकूला में ट्रैफिक रूट डायवर्ट: मैराथन और अमित शाह के दौरे को लेकर पुलिस की एडवाइजरी जारी, इन रास्तों से बचें
आज, 31 अक्टूबर को रन फॉर यूनिटी मैराथन आयोजित की गई है, जिस कारण सुबह 5 से 9 बजे तक यातायात प्रभावित हुआ. वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं. दरअसल, राष्ट्रीय एकता दिवस पर आज शिवालिक कंट्री क्लब, एमडीसी पंचकूला से माता मनसा देवी मंदिर के वीआईपी गेट तक रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजित की गई है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है. कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के मद्देनजर सुबह 5 बजे से 9 बजे तक सकेतड़ी से पंचकूला एवं चंडीगढ़ की ओर आने वाला मार्ग बीजेपी कार्यालय पंचकमल से पहले टी-प्वाइंट से शिवालिक कंट्री क्लब होते हुए माता मनसा देवी मंदिर के वीवीआईपी गेट तक यातायात के लिए बंद रखा गया.
यहां की गई वैकल्पिक व्यवस्था: सकेतड़ी से पंचकूला एवं चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालक बीजेपी कार्यालय पंचकमल से पहले टी-प्वाइंट से दाईं ओर मुड़कर चंडीगढ़ बॉर्डर होते हुए डॉल्फिन चौक तक जाने वाले वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसी तरह पंचकूला एवं चंडीगढ़ से सकेतड़ी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करने की सलाह दी गई.
दूसरी ट्रैफिक एडवाइजरी: इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे के मद्देनजर आज 31 अक्टूबर की शाम और 1 नवंबर की सुबह पंचकूला में वीवीआईपी मूवमेंट रहने के चलते प्रभावित मार्गों से बचने की सलाह दी गई है. श्री माता मनसा देवी सिंह द्वार से पुराना पंचकूला तक और सूरज सिनेमा, सेक्टर-1, पंचकूला से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस होते हुए आगे टी-प्वाइंट तक जाने वाले मार्गों पर 31 अक्टूबर को शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक और 1 नवंबर को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक अनावश्यक आवागमन से बचने और इन मार्गों का कम से कम इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
पंचकूला ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार पिंजौर व कालका से चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालक माजरी चौक से सेक्टर-17/18 चौक, पंचकूला होते हुए हाउसिंग बोर्ड के रास्ते चंडीगढ़ की ओर जा सकते हैं. इसी तरह चंडीगढ़ से पंचकूला, कालका व पिंजौर की ओर आने वाले वाहन चालक हाउसिंग बोर्ड से सेक्टर-17/18 चौक होते हुए पंचकूला के नाडा साहिब रोड का इस्तेमाल कर माजरी चौक तक पहुंच सकते हैं. निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने से वाहन चालकों को सुगम आवागमन में मदद मिलेगी.
वाहन चालकों से अपील: इसके साथ ही पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वीवीआईपी कार्यक्रमों के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. इस कारण वाहन चालक निर्धारित समय के दौरान प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार अपने आवागमन की योजना बनाएं. वाहन चालक किसी प्रकार की जल्दबाजी न करें, ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स एवं डायवर्जन का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें.
