हिमाचल: कसोल में पार्किंग विवाद पर खूनी खेल, पंजाब के पर्यटकों ने स्थानीय युवक को मारी गोली; 4 गिरफ्तार

0

हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी कसोल में शनिवार शाम पार्किंग को लेकर हुआ एक मामूली विवाद हिंसक रूप ले गया. यहां पंजाब से आए पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक सैलानी ने सरेआम पिस्टल निकालकर स्थानीय युवक पर फायरिंग कर दी. इस खौफनाक घटना से पूरी मणिकर्ण घाटी में सनसनी फैल गई है. गोली लगने से घायल स्थानीय युवक की हालत बेहद गंभीर है, जिसे इलाज के लिए पीजीआई (PGI) रेफर किया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे कसोल स्थित ग्रीन वैली होटल के पास घटी. पार्किंग को लेकर पंजाब से आए कुछ पर्यटकों और स्थानीय युवाओं के बीच बहस शुरू हुई थी. देखते ही देखते यह बहस हाथापाई और एक बड़े झगड़े में तब्दील हो गई. इसी दौरान पंजाब के एक सैलानी ने पिस्टल निकाली और स्थानीय युवक पर सीधा फायर झोंक दिया. सरेआम हाथ में पिस्टल लहराने और फायर करने का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

फायरिंग की सूचना मिलते ही मणिकर्ण पुलिस थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  • मनप्रीत सिंह (29 वर्ष) – निवासी तरनतारन, पंजाब
  • अमन रंधावा (22 वर्ष) – निवासी अमृतसर, पंजाब
  • सुखमनदीप सिंह (17 वर्ष) – निवासी फिरोजपुर, पंजाब
  • करणदीप सिंह (22 वर्ष) – निवासी गुरदासपुर, पंजाब

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी जिसका नाम ‘तमन’ (निवासी बटाला, गुरदासपुर) बताया जा रहा है, वह वारदात के बाद मौके से फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस की कई टीमें उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही हैं.

फिलहाल, पुलिस ने वायरल वीडियो को कब्जे में लेकर विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है. मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर