गुरुग्राम बना पंचकूला नमो क्रिकेट लीग चैंपियन: मनोहर लाल ने खेल के मैदान से युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश

0

पंचकूला: ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम में जारी नमो क्रिकेट लीग के अंतिम मुकाबले में गुरुग्राम टीम विजेता बनी. ग्रैंड फिनाले में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखा गया. भव्य समापन समारोह में केंद्रीय विद्युत और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.

 वहीं, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने उनका स्वागत किया. इसके बाद मनोहर लाल ने विंटेज कार में सवार होकर पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाया और दर्शकों व खिलाड़ियों का अभिवादन स्वीकार किया. इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया. वहीं, सचिव तरुण भंडारी की ओर से आयोजित इस क्रिकेट लीग में खेल के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया.

 फाइनल मैच गुरुग्राम और हिसार की टीमों के बीच खेला गया. गुरुग्राम की टीम ने पहले शानदार बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम ने 7 विकेट खोकर 105 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिसार टीम ने भी जीत के लिए जोर लगाया. लेकिन गुरुग्राम टीम ने मुकाबले को अपने नाम करते हुए ट्रॉफी जीत ली.

इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने विजेता गुरुग्राम की टीम को 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया. जबकि रनरअप रही हिसार टीम को 11 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया. तीसरे स्थान पर रहने वाली जालंधर की टीम को 5 लाख रुपये और चौथे स्थान पर रही कुरुक्षेत्र टीम को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई. मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. नमो क्रिकेट लीग के माध्यम से क्रिकेट के रोमांच के साथ युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया.

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू हुई नमो क्रिकेट लीग को खेल के साथ नशे के खिलाफ अभियान के रूप में आगे बढ़ाया गया. खेल युवाओं में उमंग और उत्साह भरता है लेकिन जब इसी मंच से नशे के खिलाफ संदेश दिया जाता है तो इसका महत्व और बढ़ जाता है. तरुण भंडारी ने यह बड़ा आयोजन करके दिखाया है. योग्यता के आधार पर युवाओं को आगे बढ़ाना युवाओं के हित में काम है. सरकार ने ‘मिशन मेरिट’ चलाया और ‘बिना पर्ची, बिना खर्ची’ योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी देने की व्यवस्था की. वर्तमान में कोचिंग सेंटरों में युवाओं की भीड़ है. युवाओं को बेहतर माहौल देने के लिए हर जिले, शहर और गांव में लाइब्रेरी खोलने की दिशा में काम किया जा रहा है. युवा देश का भविष्य है, जिनकी ऊर्जा को सही दिशा देना जरूरी है और खेल इसका प्रभावी माध्यम है.”

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पंचकूला में खेल के मैदान से भी पंजाब की ओर ध्यान आकृष्ट किया. उन्होंने कहा कि, “पंजाब में भी नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रयास जारी हैं. नशा कोई एक व्यक्ति अकेले खत्म नहीं कर सकता. इसके लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर अभियान चलाना होगा.” इस दौरान उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया. नमो क्रिकेट लीग में ‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ का संदेश दिया गया और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया.

 समापन समारोह में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक मनमोहन भड़ाना, मेयर श्याम लाल बंसल, मुख्यमंत्री के ओएसडी बीबी भारती और भोपाल खदरी, भजन गायक कन्हैया मित्तल, द ग्रेट खली, कुनाल कुमार, नरेश मित्तल सांवरिया, पवन सोलंकी, नमो क्रिकेट लीग के मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सूद, रामनिवास गर्ग, रंजीता मेहता, मुकेश सिंगला, ऋषिपाल, राकेश जागोता, अनुराधा पुरी, राकेश गर्ग बिट्टू और दीपक गर्ग समेत अन्य मौजूद रहे.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर