कुलगाम में मुठभेड़: लश्कर का कमांडर लतीफ भट समेत 2 आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। मारे गए आतंकियों में लश्कर का आखिरी सक्रिय कमांडर बताया जा रहा लतीफ भट भी शामिल है। यह कार्रवाई 11 नवंबर को सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हुए हमले के बाद चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान हुई।
दरअसल, 11 नवंबर 2026 को कुलगाम के अखरान गांव में मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने सीआरपीएफ की नाका पार्टी को निशाना बनाया था। आतंकियों ने महज 15 सेकंड के भीतर करीब 30 राउंड गोलियां चलाई थीं। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।
हमले के बाद से ही सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश तेज कर दी थी। इलाके की घेराबंदी कर सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमें तलाशी अभियान चला रही थीं। इसी दौरान कुलगाम के लारू इलाके में आतंकियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है।
इस कार्रवाई को दक्षिण कश्मीर में सक्रिय लश्कर नेटवर्क के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है।
