पंचकूला क्लब फायरिंग का पाकिस्तान कनेक्शन आया सामने, अमेरिका में बैठा गैंगस्टर चला रहा था नेटवर्क; ATS ने दो इनामी आरोपियों को किया गिरफ्तार
पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग के मामले में हरियाणा पुलिस की ATS ने दो और इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में इस आपराधिक नेटवर्क के तार पाकिस्तान से जुड़ने के इनपुट मिले हैं। एजेंसी को ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स की सप्लाई किए जाने की जानकारी भी मिली है। पुलिस के मुताबिक, अमेरिका के कैलिफोर्निया में बैठा एक सरगना इस नेटवर्क को चला रहा था। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। हरियाणा पुलिस की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की जांच में इस आपराधिक नेटवर्क के तार पाकिस्तान से जुड़ते नजर आ रहे हैं। जांच एजेंसी को इनपुट मिले हैं कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स की सप्लाई की जा रही थी। इस नेटवर्क को अमेरिका के कैलिफोर्निया में बैठा एक सरगना अपने इशारे पर चला रहा था।
इस मामले में ATS ने दो और इनामी आरोपियों बलविंदर और सुखविंदर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। बलविंदर पर 50 हजार रुपये और सुखविंदर पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दोनों आरोपी पंजाब के फाजिल्का और फिरोजपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ATS के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
काबिल-ए-जिक्र है कि 13 सितंबर को पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में फायरिंग की वारदात हुई थी। इस दौरान एक युवती गोली लगने से घायल हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों और उनके नेटवर्क की तलाश शुरू की थी। ATS इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान विदेशी पिस्टल जिगाना भी बरामद की गई थी। जांच में सामने आए नए इनपुट के बाद एजेंसी पाकिस्तान से हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई तथा ड्रोन नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।
जांच एजेंसी को अमेरिका के कैलिफोर्निया में बैठे नेटवर्क के कथित सरगना के बारे में भी कई अहम इनपुट मिले हैं। ATS अब इस नेटवर्क के पूरे तंत्र, हथियारों की सप्लाई और फायरिंग की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। क्लब में हुई फायरिंग की एक वारदात से शुरू हुई जांच अब अंतरराष्ट्रीय हथियार और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचती दिखाई दे रही है।
