अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे में बदलाव, अब 1 नवंबर की बजाय 31 अक्टूबर की शाम पहुंचेंगे; पंचकूला में करेंगे रात्रि विश्राम

0

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब वह 1 नवंबर को आने की बजाय 31 अक्तूबर की शाम ही चंडीगढ़ पहुंचेंगे।

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर आगमन के बाद वह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंचकूला रवाना होंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद एक नवंबर की सुबह करीब 10 बजे पंचकूला से चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां आयोजित होने वाली राइजिंग डे परेड में गृह मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में बदलाव के बाद चंडीगढ़ और पंचकूला प्रशासन के साथ सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं।

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए दोनों शहरों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट से पंचकूला और फिर पंचकूला से चंडीगढ़ के सेक्टर-26 तक काफिले की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पुलिस की ओर से काफिले के मार्ग, संवेदनशील स्थानों और कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की जा रही है। इसके लिए मार्ग पर रिहर्सल भी की जा रही है, ताकि अति विशिष्ट व्यक्ति की आवाजाही के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की बाधा न आए।

गृह मंत्री की सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है। काफिले के मार्ग और कार्यक्रम स्थल के आसपास की ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात किए जाएंगे। पुलिस लाइन और सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में धातु जांच यंत्र, बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते की तैनाती की व्यवस्था भी की जा रही है। सुरक्षा की जिम्मेदारी विशेष सुरक्षा दल के साथ चंडीगढ़ पुलिस के विशेष प्रशिक्षित कमांडो संभालेंगे। इसके अलावा स्थानीय पुलिस का अतिरिक्त सुरक्षा घेरा भी रहेगा।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *