प्रयागराज में बड़ा हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत; घटना के बाद मची चीख-पुकार

0

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के यमुना नगर स्थित करछना में बुधवार की शाम एक भीषण रेल हादसा हो गया। पचदेवरा ओवरब्रिज के पास दो ट्रेनों के बीच हुई इस त्रासदी में पांच लोगों की कटकर मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर चीख-पुकार मच गई।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार, घटना की शुरुआत तब हुई जब कालका एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे के कारण ट्रेन को वहीं रोकना पड़ा। ट्रेन रुकते ही उसमें सवार कई यात्री नीचे उतर आए और ट्रैक के पास खड़े होकर स्थिति देखने लगे। इसी दौरान, बगल वाले ट्रैक पर तेज रफ्तार से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई। ट्रैक पर खड़े यात्री संभल पाते, इससे पहले ही ट्रेन उन्हें रौंदते हुए निकल गई। इस दूसरे हादसे में चार और लोगों की जान चली गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या पांच हो गई है।

जीआरपी के पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त (करछना) सुनील कुमार ने बताया कि अब तक तीन मृतकों की शिनाख्त हो चुकी है। इन मृतकों की पहचान बिहार के सिवान निवासी बलिराम (36), उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के निवासी सुनील कुमार (24) और फिरोजाबाद के निवासी आकाश (17) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि अन्य दो मृतकों की पहचान की जा रही है।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *