हिमाचल के बिलासपुर में नशा तस्करी का बड़ा भंडाफोड़
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पुलिस ने नशा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए 976 ग्राम अफीम के साथ ऊना के एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंडी भराड़ी पुल के पास नाकाबंदी के दौरान की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मंडी की ओर से एक कार में अफीम लेकर पंजाब की ओर जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाका लगाकर ऊना नंबर की एक कार को जांच के लिए रोका। इस दौरान चालक ने पुलिस को देखकर कार मोड़कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से 976 ग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव कुमार, निवासी गांव अजौली, जिला ऊना के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
