केजरीवाल का दावा- समय से पहले हो सकते हैं पंजाब विधानसभा चुनाव
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि पंजाब विधानसभा चुनाव फरवरी 2027 के बजाय इस साल नवंबर में हो सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि चुनाव समय से पहले क्यों हो सकते हैं।
केजरीवाल ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) चार साल से सरकार चला रही है और लोग इसके कामकाज से खुश हैं। उन्होंने इसकी तुलना विपक्षी पार्टियों की पिछली सरकारों से करते हुए कहा कि जब वे अपने कार्यकाल के आखिरी साल में पहुँचती थीं, तो उनके खिलाफ़ जनता का गुस्सा बढ़ जाता था।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान ही आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे। केजरीवाल ने कहा, ”मुझे बताया गया है कि चुनाव फरवरी 2027 के बजाय नवंबर 2026 में हो सकते हैं। ऐसे में अब केवल चार महीने बचे हैं। हमें अभी से काम में जुट जाना चाहिए और भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री बनाना है।’
