नोएडा की हाईराइज सोसायटी के 12वें फ्लोर में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

0

नोएडा के सेक्टर-74 स्थित आइवी काउंटी सोसायटी में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक हाईराइज टावर के फ्लैट में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग 28 मंजिला इमारत के 12वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फ्लैट की खिड़कियों से ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। घटना के बाद पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया, जिससे सोसायटी के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही सोसायटी में हड़कंप मच गया। निवासी अपनी सुरक्षा के लिए सीढ़ियों के जरिए इमारत से बाहर निकलने लगे। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। एहतियात के तौर पर पूरे टावर को खाली कराया गया और आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फायर विभाग की टीम आग पर काबू पाने के साथ-साथ इसके कारणों की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता और जरूरत पड़ने पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सतर्क रहने, राहत कार्यों में तेजी लाने और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *