पंचकूला के नागरिक अस्पताल में भारी बवाल: इलाज में देरी से महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में गुरुवार देर रात एक महिला मरीज की मौत के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-6 पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान मनीमाजरा निवासी रितु के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद परिवार के सदस्य उसे तुरंत मनीमाजरा स्थित एक अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने महिला की ईसीजी की।
प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला की स्थिति को गंभीर बताते हुए उसे तुरंत बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। डॉक्टरों ने परिजनों को सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच या पंचकूला के सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में ले जाने के लिए कहा।
परिजनों के मुताबिक, इसके बाद महिला के पति और अन्य सदस्य उसे तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने महिला को देखने के बाद बिना पंजीकरण कार्ड बनाए ही उसे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित हार्ट सेंटर में भेज दिया।
