अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात ड्रम और पिकअप जब्त
रेवाड़ी : अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण कर सप्लाई करने वालों के खिलाफ रेवाड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईए रेवाड़ी की टीम ने गांव गुजरीवास में एक खेत के अंदर बने प्लाट पर छापेमारी कर एक हजार लीटर से अधिक पेट्रोल-डीजल बरामद किया है। पुलिस ने मौके से पेट्रोल-डीजल से भरे सात ड्रम तथा एक पिकअप गाड़ी को भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार सीआईए रेवाड़ी की टीम को गांव गुजरीवास में खेत के अंदर अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान प्लाट में सात ड्रमों में एक हजार लीटर से अधिक पेट्रोल-डीजल भरा हुआ मिला। पुलिस ने बरामद ड्रमों के साथ मौके पर मौजूद एक पिकअप गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान सीआईए टीम ने मामले की सूचना कसोला थाना पुलिस को दी। इसके बाद कसोला थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।
साथ ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि बरामद पेट्रोल-डीजल की जांच और आगे की कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण और सप्लाई करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
