पंजाबः दिन-दहाड़े PRTC बस रोककर कंडक्टर को पीटा, पगड़ी उतारी, पुलिस ने क्या कहा?

0

पंजाब के मोगा-बरनाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज दोपहर करीब 3:40 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. मोगा से संगरूर जा रही पीआरटीसी बस नंबर 13वी आई 1171 को बस अड्डे के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने रोक लिया. आरोप है कि कंडक्टर के साथ मारपीट कर कैश बैग छीनकर फरार हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने पहले सवारी चढ़ाने का बहाना बनाया और फिर ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद कंडक्टर सुरजीत सिंह से नकदी से भरा कैश बैग छीन लिया. इसी दौरान पीबी 19 एम 2351 नंबर की एक अन्य पीआरटीसी बस भी मौके पर आकर रुक गई, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

बस में सवार महिला यात्री कश्मीर कौर और रणजीत कौर सहित अन्य यात्रियों ने बताया कि कंडक्टर सुरजीत सिंह की बुरी तरह पिटाई की गई, उनकी पगड़ी उतार दी गई और सिर पर चोट पहुंचाई गई. यात्रियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण आम लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात के एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में भारी रोष है. घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है.

थाना प्रभारी गुरविंदर भुल्लर का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जांच में पता चला कि बसंत सिंह नाम का व्यक्ति अपने रिश्तेदार को बस में चढ़ाने आया था. जब एक महिला बस में चढ़ रही थी तो बस चालक ने बस चला दी, जिसको लेकर कहासुनी शुरू हुई और बाद में हाथापाई हो गई.

पुलिस के अनुसार इस मामले में किसी भी प्रकार की लूट की वारदात नहीं हुई है. घायल बस चालक और कंडक्टर को मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उनका इलाज जारी है. आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *