हरियाणा में आज फिर 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 2 अगस्त से पूरे प्रदेश में जमकर बरसेंगे बादल

0

हरियाणा में मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 जुलाई को प्रदेश के पांच उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन जिलों के 50 से 75 प्रतिशत हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है.

मौसम विभाग के मुताबिक कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार और फतेहाबाद में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है. वहीं सिरसा में मौसम फिलहाल शुष्क रहने का अनुमान है.

इस बारे में मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि, “वर्तमान में मानसून टर्फ की अक्षीय रेखा जैसलमेर, रायसेन, विदर्भ और बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. साथ ही राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिससे हरियाणा में नमी वाली हवाएं कम पहुंच रही हैं. 1 अगस्त की रात से पूर्वी हवाएं ओडिशा, बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर से हरियाणा में प्रवेश करेंगी. इसके प्रभाव से 2 अगस्त से 5 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार और भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है. इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.”

प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. रोहतक 37.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा. इसके बाद चरखी दादरी में 37.1 और भिवानी में 37.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. दूसरी ओर कैथल और फतेहाबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा.

रात के तापमान में भी बदलाव: पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में औसतन 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. भिवानी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सिरसा में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी बनी रह सकती है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *