पंजाबी सिंगर दिलप्रीत ढिल्लों पर मोहाली में केस दर्ज, मारपीट करने-बंधक बनाने का आरोप

0

पंजाबी गायक दिलप्रीत सिंह ढिल्लों के खिलाफ मारपीट, जबरन बंधक बनाने और हथियार के इस्तेमाल की शिकायत पर मोहाली के मटौर थाने में केस दर्ज हुआ है।

मेलोडी हाउस म्यूजिक कंपनी के संचालक रेअमंत मरवाहा ने शिकायत दी कि टी-सीरीज के साथ गानों की डील नहीं होने की रंजिश में दिलप्रीत ने उनके साथ मारपीट की। यह भी आरोप लगाया कि दिलप्रीत ने पिस्टल दिखाकर उन्हें और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

घटना मोहाली के सेक्टर-70 स्थित होमलैंड के एक फ्लैट में हुई। रेअमंत मरवाहा करीब 5 वर्षों से मेलोडी हाउस नाम से म्यूजिक कंपनी चला रहे हैं। करीब 5-6 महीने पहले दिलप्रीत ढिल्लों ने टी-सीरीज में गानों की रिकॉर्डिंग की डील करवाने के लिए उनसे संपर्क किया था। उन्होंने दिलप्रीत की टी-सीरीज के अधिकारियों से बात भी करवाई, लेकिन किसी कारण डील सिरे नहीं चढ़ सकी।

शिकायतक के अनुसार, इसी बात को लेकर दिलप्रीत ढिल्लों नाराज था। 22 जुलाई की रात वह अपने दोस्त गुरप्रीत सिंह के सेक्टर-70 स्थित फ्लैट में थे। उनका दोस्त युग भी बैठा हुआ था। इसी दौरान दिलप्रीत ढिल्लों वहां पहुंचा और बहस शुरू की।

कहा कि टी-सीरीज या किसी अन्य कंपनी के साथ डील करवाए, क्योंकि उसे पत्नी को 1-2 करोड़ रुपये की गाड़ी खरीदकर देनी है। रेअमंत के मुताबिक, जब उन्होंने मजबूरी बताई तो दिलप्रीत गुस्से में आ गया और हाथापाई करने लगा।

मरवाहा ने बताया कि जब वह वहां से भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी दिलप्रीत ढिल्लों ने उन्हें पकड़ लिया। उनका कॉलर पकड़कर दूसरे कमरे में खींच लिया और जमीन पर पटक दिया। उनके पेट, पसलियों और शरीर के अन्य हिस्सों पर लातें मारीं।

मारपीट के बाद दिलप्रीत ढिल्लों ने पिस्टल निकाली और उनकी तरफ तान दी। उन्हें और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उनके शोर मचाने और विरोध करने पर दिलप्रीत गाली-गलौज करते हुए फरार हो गया।

घटना के बाद घायल रेअमंत मरवाहा को इलाज के लिए मोहाली फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद डिस्चार्ज होने पर उन्होंने मटौर थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने दिलप्रीत सिंह ढिल्लों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 126(2), 351(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया है। मटौर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारी एएसआई केवल कुमार ने बताया कि गायक को जल्द ही जांच में शामिल कर पूछताछ की जाएगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *