शादी का जश्न मातम में बदला : दुल्हन की विदाई की फोटो खींच रहे कैमरामैन को कार ने मारी टक्कर, मौके पर मौत
हरियाणा के सिरसा जिले एक वैवाहिक कार्यक्रम की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने एक युवा फोटोग्राफर को अपनी चपेट में ले लिया। यह भीषण हादसा सिरसा-हिसार मार्ग पर स्थित एक रिजॉर्ट के ठीक बाहर बुधवार तड़के हुआ। कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैमरामैन हवा में कई फीट ऊपर उछलने के बाद सड़क से करीब 100 फीट की दूरी पर जाकर गिरा। इस दर्दनाक दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें इस खौफनाक मंजर को साफ देखा जा सकता है।
मृतक की पहचान रानियां के गांव अभोली निवासी 22 वर्षीय मलकीत उर्फ अजय के रूप में हुई है। अजय अपने भाई विष्णु के साथ वेडिंग शूट के सिलसिले में यहां आया था। सुबह जब दुल्हन की विदाई की रस्में चल रही थीं, तब अजय इस पल को अपने कैमरे में कैद करने की कोशिश कर रहा था। उसके भाई विष्णु ने बताया कि पहले वह स्वयं फोटो ले रहा था, लेकिन सड़क पर ट्रैफिक के खतरे को देखते हुए अजय ने उसे अंदर भेज दिया और खुद कैमरा संभाल लिया। अजय फोटो क्लिक करते हुए सड़क पर थोड़ा पीछे की ओर हटा ही था कि अचानक एक तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। विष्णु के मुताबिक कार की गति बहुत अधिक थी और चालक उसे संभाल नहीं पाया।
जैसे ही यह टक्कर हुई, रिजॉर्ट के बाहर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर मारने वाली कार भी अनियंत्रित होकर थोड़ी दूर जाकर डिवाइडर से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी रुकते ही उसमें सवार दो युवकों ने भागने की कोशिश की, परंतु मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें पीछा करके पकड़ लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चालक नशे की स्थिति में था, जिस कारण वह गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी संदीप फतेहाबाद के शक्ति नगर का निवासी है और पेशे से फल विक्रेता है। वह सिरसा में अपने किसी रिश्तेदार से मिलने के बाद घर लौट रहा था। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि गाड़ी की रफ्तार बहुत ज्यादा थी, जिसकी वजह से वह अचानक सामने आए युवक को देख ब्रेक नहीं लगा सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
