हरियाणा में मौसम ने ली करवट, आज से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ; कई जिलों में बारिश का अलर्ट
प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार रात से सक्रिय होगा। इसके चलते बुधवार को प्रदेश में वर्षा का आरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में परिवर्तन छह जून तक रहेगा।
अभी कुछ दिन से मौसम साफ रहने और गर्मी अधिक होने से सिरसा सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का तापमान 41.2 डिग्री तक पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। हाल ही में तीन दिन से वर्षा नहीं होने से अधिकतम तापमान में फिर से वृद्धि दर्ज की गई है।
छह जून तक तापमान में ऐसे बदलाव होने से आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलेगी। इस समय किसान भी फसलों की बिजाई कर रहे हैं तो यह उनके लिए लाभकारी हो सकती है।
वर्षा का अलर्ट: ऑरेंज अलर्ट : सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी। यलो अलर्ट : कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल
| जिला (District) | न्यूनतम तापमान (Minimum) | अधिकतम तापमान (Maximum) |
| अंबाला (Ambala) | 24.8 | 37.9 |
| भिवानी (Bhiwani) | 22.5 | 36 |
| फरीदाबाद (Faridabad) | 26.4 | 36.4 |
| गुरुग्राम (Gurugram) | 23.4 | 36.2 |
| हिसार (Hisar) | 25.3 | 38.2 |
| करनाल (Karnal) | 23.7 | 35.2 |
| नारनौल (Narnaul) | 22 | 36.5 |
| सिरसा (Sirsa) | 26.4 | 41.2 |
सामान्य तिथि से लगभग तीन दिन की देरी के साथ मानसून चार जून को केरलम पहुंच सकता है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बनी अनुकूल परिस्थितियों के कारण मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में इसके केरलम में प्रवेश करने की संभावना है।
इसके साथ ही दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। आमतौर पर मानसून एक जून के आसपास केरलम पहुंचता है। यहीं से देश में चार महीने के वर्षा मौसम की शुरुआत मानी जाती है।
