पुतिन का भारत को बड़ा डिफेंस ऑफर, Su-57 फाइटर जेट की तकनीक देने और संयुक्त निर्माण को तैयार रूस
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट पर बड़ा ऑफर दिया है। पुतिन ने गुरुवार को कहा कि मॉस्को पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान Su-57 पर भारत के साथ काम करने को तैयार है। पुतिन ने कहा कि रूस ने सुखोई Su-57 की टेक्नोलॉजी पर मिलकर काम करने का प्रस्ताव दिया था। सुखोई SU-57 पांचवीं पीढ़ी का फाइटर जेट है, जिसे रूस ने विकसित किया है। पुतिन ने Su-57 को वर्तमान में दुनिया का सबसे बेहतरीन विमान बताया।
सेंट पीटर्सबर्ग में दुनिया की प्रमुख समाचार एजेंसियों के साथ बात करते हुए पुतिन ने कहा, “जहां तक Su-57 की बात है, हमने अपने भारतीय दोस्तों को प्रस्ताव दिया था, हम इस पांचवीं पीढ़ी की टेक्नोलॉजी पर मिलकर काम करने को तैयार हैं। मुझे लगता है कि यह दुनिया में सबसे बेहतरीन है। यह विमान हमारा संयुक्त प्रोजेक्ट हो सकता है।” पुतिन ने यह भी कहा कि भारत के साथ काम करने में कोई सीमा नहीं है।
पुतिन का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत पांचवीं पीढ़ी के विमान के लिए अपनी तलाश जारी रखे हुए है। भारत ने पहले Su-57 प्रोजेक्ट में दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन साल 2018 में भारतीय वायु सेना ने अपने कदम पीछे खींच लिए, जब उसे लगा कि यह विमान उसकी जरूरतों को पूरा नहीं करता।
