Hormuz हमलों के बाद Crude Oil में उछाल, कीमतें $107 प्रति बैरल के पार
होर्मुज और खाड़ी क्षेत्र में हुए हमलों के बाद वैश्विक आपूर्ति बाधित होने की आशंका से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार उछाल आया है।
होर्मुज और खाड़ी क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर हुए हालिया हमलों के बाद वैश्विक आपूर्ति बाधित होने की संकट गहरा गई है। इसके चलते सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार उछाल देखा गया, जहां ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 3% की बढ़त के साथ 107.74 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी क्रूड फ्यूचर्स 2.88% मजबूत होकर 102.93 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
इस बीच, ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूकेएमटीओ ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज पर प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। इसके कारण जहाज में आग लग गई और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।
शुक्रवार को, इराक से हुए एक ड्रोन हमले के कारण सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन को बंद कर दिया गया। यह पाइपलाइन सऊदी अरब को होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते से बचकर अपने तेल निर्यात को दूसरे रास्तों से भेजने में मदद करती थी।
दुनिया के सबसे बड़े तेल निर्यातक देश की इस पाइपलाइन के बंद होने से वैश्विक तेल आपूर्ति के 4% हिस्से पर खतरा पैदा हो गया है। इन व्यवधानों के कारण पिछले सप्ताह कच्चे तेल की कीमतों में 8% की वृद्धि दर्ज की गई थी, जिससे जुलाई के बाद पहली बार कीमतें 100 डॉलर के पार चली गईं।
ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने एक्स पर जानकारी दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए खाड़ी देशों और ईरान के बीच ओमान में होने वाली एक निर्धारित बैठक को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
