पंचकूला पुलिस ने पकड़े दो चोर, 20 लाख का सोना-चांदी और बर्तन, 15 लाख कैश बरामद
पंचकूला। करीब 10 माह पहले सेक्टर-8 स्थित एक मकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं बर्तन तथा 15 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। शातिरों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
2 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-8 निवासी व्यक्ति अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने पाया कि मकान के पीछे का गेट खुला हुआ था, कमरों के दरवाजे और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे तथा सोने-चांदी के आभूषण, कीमती सामान और नकदी चोरी हो चुकी थी। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-7 में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पता चला कि थाना सेक्टर-5 पंचकूला में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपित सुशील कुमार उर्फ निप्पल तथा विरेन्द्र कुमार ने पूछताछ के दौरान सेक्टर-8 की इस चोरी की वारदात भी स्वीकार की थी। इसके बाद मामला क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 को सौंपा गया, जहां गहन पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपितों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया।
