पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में आईएसआई प्रायोजित बब्बर खालसा इंटरनेशनल के एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मॉड्यूल से जुड़े एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, इस बरामदगी से एक संभावित आतंकी हमले को टालने में सफलता मिली है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ने विदेशी बैठे हैंडलरों के निर्देश पर जालंधर के आदमपुर के पास एक डीलर से कथित तौर पर हैंड ग्रेनेड हासिल किया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ग्रेनेड कहां पहुंचाया जाना था और इसके जरिए किस स्थान या व्यक्ति को निशाना बनाने की योजना थी।
इस मामले में एसबीएस नगर के थाना सदर नवांशहर में बीएनएस और एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेज एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर विदेशी हैंडलरों, स्थानीय मददगारों और मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।