केदारनाथ पैदल मार्ग पर शॉर्टकट बना मुसीबत, नदी के बीच फंसे 4 यात्री; रातभर चला बचाव अभियान
केदारनाथ पैदल मार्ग पर लिनचोली क्षेत्र में सोमवार देर रात चार युवक यात्री शॉर्टकट के चक्कर में मुख्य मार्ग से भटककर नदी के दूसरे किनारे फंस गए। सुनसान और अंधेरे इलाके में फंसने के कारण सभी यात्री काफी डरे थे।
आपदा परिचालन केंद्र से सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रेस्क्यू टीम ने मोबाइल फोन के माध्यम से यात्रियों से संपर्क स्थापित कर उनकी संभावित लोकेशन प्राप्त की।
घने अंधेरे, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, सघन झाड़ियों और नदी के विपरीत किनारे पर फंसे होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। बावजूद इसके, टीम ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर सभी चारों यात्रियों को सुरक्षित निकालकर मुख्य पैदल मार्ग तक पहुंचाया।
मार्ग जोखिमपूर्ण होने के कारण यात्रियों को लिनचोली में ही रात्रि विश्राम के लिए सुरक्षित ठहराया गया। रेस्क्यू टीम सफल अभियान के बाद रात एक बजे पोस्ट पर लौट आई। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
