चंडीगढ़ में सनसनी: रिटायर्ड IPS की कोठी में युवती का शव मिलने पर बवाल, परिजनों का अस्पताल में हंगामा; पुलिस से झड़प
चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित गुजरात पुलिस विभाग से रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी की कोठी में 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। रविवार को युवती के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
शनिवार को कोठी के एक कमरे में युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था। युवती मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और करीब एक सप्ताह पहले ही घरेलू काम के लिए कोठी में नियुक्त हुई थी।
रविवार को पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर-16 अस्पताल ले जा रही थी। परिजनों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने का विरोध करते हुए हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना था कि उनकी बेटी की हत्या करने के बाद उसके शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें घटना की सूचना काफी देर से दी गई। जब तक वे मौके पर पहुंचे, शव को पहले ही अस्पताल भेज दिया गया था। उन्हें उस कमरे को देखने तक की अनुमति नहीं दी गई, जहां युवती का शव मिला था।
हंगामे के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
