पंजाब-हरियाणा HC को मिलेंगे 10 नए जज, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने लगाई मुहर
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में लंबे समय से जजों की भारी कमी के बीच न्यायिक व्यवस्था को बड़ी राहत मिली है। भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के लिए 10 वकीलों को जज नियुक्त किए जाने की सिफारिश को मंजूरी दे दी है।
यह फैसला ऐसे समय आया है जब हाई कोर्ट की स्वीकृत क्षमता 85 जजों की है, लेकिन वर्तमान में केवल 58 जज ही कार्यरत हैं, जिससे अदालत पर मामलों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
कॉलेजियम ने जिन दस वकीलों के नामों को स्वीकृति दी है, उनमें हरियाणा के एडवोकेट जनरल प्रविंद्र सिंह चौहान के अलावा मोनिका छिब्बर शर्मा, हरमीत सिंह देओल, पूजा चोपड़ा, सुनीश बिंदलिश, नवदीप सिंह, दिव्या शर्मा, रविंदर मलिक राजेश गौड़ और मिंदरजीत यादव के नामों को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के मामलों की सुनवाई करने वाले इस हाई कोर्ट में जजों की कमी लंबे समय से गंभीर चिंता का विषय रही है। अदालत में लंबित मामलों की संख्या चार लाख के पार पहुंच चुकी है।
ऐसे में सीमित न्यायिक संसाधनों के कारण न केवल सुनवाई प्रभावित हो रही थी, बल्कि नए मामलों के तेजी से बढ़ते बोझ ने न्यायिक प्रक्रिया की गति पर भी असर डाला।पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट लंबे समय से जजों की कमी और बढ़ते लंबित मामलों की चुनौती से जूझ रहा है।
