बिहार में सियासी हलचल तेज, आज नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा!….तो कल नई सरकार का होगा शपथ ग्रहण
आज का दिन यानी 14 अप्रैल बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। घटनाक्रम तेज़ी से बदलने की संभावना है और सत्ता परिवर्तन लगभग तय दिख रहा है।
सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक होगी। माना जा रहा है कि यह मौजूदा सरकार की अंतिम बैठक हो सकती है, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। वहीं, दोपहर में भाजपा और जदयू विधायकों की अलग-अलग बैठकें होगी। इसी दौरान नीतीश कुमार लोक भवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के साथ ही नई सरकार गठन का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।
सीएम नीतीश कुमार कैबिनेट की बैठक में शामिल होने के पहले अम्बेडकर जंयती (B. R. Ambedkar) की जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे पटना हाईकोर्ट के सामने स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और फिर मुख्य सचिवालय पहुंचेंगे। कैबिनेट बैठक के बाद सामूहिक फोटो सेशन का भी कार्यक्रम तय है।
दोपहर बाद राजनीतिक गतिविधियां और तेज़ हो जाएंगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों की बैठक दोपहर 3 बजे होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) नए नेता यानी संभावित मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकते हैं। वहीं जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक भी अलग बैठक करेंगे। वहीं, शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें गठबंधन का नया नेता चुना जाएगा। इसी नेता के नेतृत्व में राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चलता है, तो 15 अप्रैल को पटना स्थित लोक भवन में नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई जाएगी।
