पंचकूला चुनावी दंगल: मनोज तिवारी के ‘लिपस्टिक’ सॉन्ग पर झूमा पूर्वांचली समाज, कांग्रेस पर साधा निशाना
हरियाणा के पंचकूला में चुनावी माहौल उस समय भोजपुरी रंग में रंग गया जब बीजेपी सांसद और मशहूर गायक मनोज तिवारी पूर्वांचली समाज को संबोधित करने पहुंचे। मेयर प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित इस कार्यक्रम में तिवारी ने न केवल अपने सुरों का जादू बिखेरा, बल्कि कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले भी किए।
मनोज तिवारी ने मंच संभालते ही माहौल को खुशनुमा बना दिया। करीब 20 मिनट के अपने संबोधन में उन्होंने ‘तू लगावेलू जब लिपिस्टिक’ समेत चार लोकप्रिय भोजपुरी गीत सुनाए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “सांसद कार्तिकेय शर्मा ने रास्ते में बहुत कुछ बोलने को कहा था, लेकिन हम यहां बोलने नहीं, बल्कि यह कहने आए हैं कि बड़ी दूर से आए हैं, प्यार का तोहफा लाए हैं।”
राजनीतिक प्रहार करते हुए मनोज तिवारी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर पूर्वांचल के लोगों को डराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस के लोगों ने बंगाल में यह भ्रम फैलाया था कि बीजेपी वाले आपकी मछली छीन लेंगे। बीजेपी किसी का खाना नहीं छीनती, हम सबको प्रेम से रहने का संदेश देते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कांग्रेस सरकार के दौरान यूपी-बिहार के लोगों को भगाने की बातें की जाती थीं।
बीजेपी की कार्यशैली की सराहना करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि पार्टी हर नागरिक का सम्मान करती है। उन्होंने मंच पर वार्ड 10 के प्रत्याशी शेखर पांडे का परिचय देते हुए बताया कि वे बिहार के मोतिहारी से हैं। तिवारी ने कहा, “यही बीजेपी की खूबसूरती है, जहां बिहार से आए एक युवक को हरियाणा में चुनाव लड़ाया जा रहा है। इसे ही असली सबका साथ-सबका विकास कहते हैं।” उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पंचकूला में पूर्वांचल समाज की आस्था का सम्मान करते हुए बिहार के लोगों के लिए छठ घाट का निर्माण करवाया गया है।
कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। स्थानीय बीजेपी नेताओं और पदाधिकारियों ने मनोज तिवारी का भव्य स्वागत किया। इस दौरे ने पंचकूला के पूर्वांचली मतदाताओं के बीच चुनावी सरगर्मी को और तेज कर दिया है।
