मुंबई में HMPV का नया केस: 6 महीने की बच्ची संक्रमित, देश में अब तक 9 केस, जानें क्या है सरकार की तैयारी

मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में 6 महीने की बच्ची बुधवार (8 जनवरी) को HMPV से संक्रमित पाई गई। इसके साथ ही देश में HMPV संक्रमितों का आंकड़ा 9 पहुंच गया है। मुंबई में संक्रमित मिली बच्ची को खांसी, सीने में जकड़न और ऑक्सीजन लेवल गिरने की वजह से 1 जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में उसके HMPV संक्रमित होने की पुष्टिक हुई। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है। यह मुंबई में इस वायरस का पहला मामला है। इससे पहले नागपुर में 13 साल की लड़की और 7 साल के लड़के के संक्रमित होने की खबर आई थी। दोनों का इलाज घर पर ही किया गया।
देशभर में HMPV के अब तक कुल 9 मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा केस हैं, जिसमें मुंबई और नागपुर शामिल हैं। दूसरे मामले कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, और गुजरात से रिपोर्ट हुए हैं। पंजाब ने बुजुर्गों और बच्चों के लिए मास्क पहनने की सलाह दी है। गुजरात ने आइसोलेशन वार्ड तैयार किए हैं। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को निगरानी बढ़ाने और संक्रमण रोकने के उपाय तेज करने को कहा है। सभी राज्यों को अपने अस्पतालों में इंफ्लूएंजा की दवाओं का स्टॉक रखने का निर्देश दिया गया है।
HMPV का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर देखा जा रहा है। खासकर 2 साल से कम उम्र के बच्चों पर इस संक्रमण का खतरा ज्यादा है। इसके लक्षण कोविड-19 जैसे हैं। HMPV संक्रमितों को खांसी, बुखार, और सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण हो सकते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इस वायरस का असर बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों पर हो सकता है। WHO ने इसे लेकर स्थिति पर नजर रखने का भरोसा दिलाया है। जल्द ही डब्ल्यूएचओ की ओर से इस संक्रमण के बारे में एक विस्तृत रिपोर्ट भी जारी की जाएगी।