भारी बारिश और भूस्खलन से मुंबई-पुणे संपर्क ठप, एक्सप्रेसवे बंद, ट्रेनें भी प्रभावित
मुंबई और पुणे के बीच सोमवार को भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण सड़क और रेल संपर्क बुरी तरह प्रभावित हो गया। लगातार बारिश के चलते मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराना मुंबई-पुणे हाईवे अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा प्रभावित हुई।
भारी बारिश के बीच मुंबई और पुणे के बीच चलने वाली कम से कम 16 ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि 9 ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट और पुणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तड़के करीब 3:05 बजे कर्जत-लोनावला के भोर घाट सेक्शन में ठाकुरवाड़ी के पास लैंडस्लाइड हुई। इसके बाद खंडाला और मंकी हिल के बीच भी मलबा गिरने से रेलवे की अप, डाउन और मिडिल तीनों लाइनें प्रभावित हो गईं। लगातार बारिश के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और नियंत्रित करना पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक को बहाल करने का काम जारी है और यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
वहीं, खोपोली-कुसगांव मिसिंग लिंक पर टनल-2 के पास लैंडस्लाइड के कारण पुणे की ओर जाने वाले वाहनों का मार्ग भी बदलना पड़ा। पुरानी मुंबई-पुणे हाईवे के कई हिस्सों में जलभराव और तेज बहाव के चलते यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
