एमएस धोनी ने आईपीएल से भी लिया रिटायरमेंट, CSK के मेंटर बने
आईपीएल 2027 के रिटेंशन से पहले एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। सीएसके यानी चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने आईपीएल से भी रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। यानी वे अगले साल होने वाले आईपीएल में नजर नहीं आएंगे। इस बीच चेन्नई सुपरकिंग्स ने उन्हें टीम का नया मेंटर बनाने का फैसला किया है। रिटेंशन लिस्ट आने से पहले ही ये खबर सामने आ गई है। यानी धोनी अब क्रिकेट के मैदान में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे, लेकिन वे टीम के साथ नई भूमिका में जुड़े रहेंगे।
एमएस धोनी पहले आईपीएल यानी 2008 से चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ ही जुड़े रहे। बीच में दो साल के लिए जब सीएसके को सस्पेंड कर दिया गया था, तब वे दूसरी टीम के लिए खेले, लेकिन जैसे ही चेन्नई की वापसी हुई, वे फिर से इसी टीम के साथ जुड़ गए थे, तब से लेकर अब तक वे इसी टीम के साथ खेल रहे हैं।
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में सीएसके ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। बीच में जब धोनी ने खुद ही कप्तानी छोड़ने का फैसला किया तो पहले रवींद्र जडेजा को कमान दी गई, इसके बाद रुतुराज गायकवाड भी टीम के कप्तान रहे, लेकिन उनकी कप्तानी में टीम ने उस मुकाम को हासिल नहीं किया, जहां तक धोनी की कप्तानी में पहुंची थी। इस वक्त रुतुराज गायकवाड ही टीम कप्तानी कर रहे हैं। आईपीएल में 278 मैचों में धोनी ने 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से 5,439 रन बनाए हैं। उनके इन मैचों में 24 हाफ-सेंचुरी शामिल हैं, जिसमें उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 84 रन रहा। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 264 छक्के भी लगाए। हालांकि वे शतक नहीं लगा पाए।
