फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर बंदरों का आतंक, यात्रियों पर झपटकर छीनने की कोशिश

0

फरीदाबाद: रेलवे स्टेशन परिसर में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर फुट ओवरब्रिज पर दर्जनों की संख्या में बंदर बैठे रहते हैं और वहां से गुजरने वाले यात्रियों पर हमला कर देते हैं। हैरानी की बात ये है कि इस बात की जानकारी होने के बाद भी रेल प्रशासन बंदरों को हटवाने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहा है।

यात्रियों का कहना है कि जैसे ही वे फुट ओवरब्रिज से गुजरते हैं, बंदर उनके हाथों में मौजूद सामान, बैग या खाने-पीने की चीजें छीनने की कोशिश करते हैं। कई बार बंदर आक्रामक हो जाते हैं, जिससे लोग घबरा जाते हैं। इस कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। दैनिक यात्रियों के मुताबिक यह समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन रेलवे प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

यात्रियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में हर दिन सैकड़ों लोग डर के साये में फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि बंदरों के डर से कई यात्री घबराकर इधर-उधर भागने लगते हैं, जिससे उनके फुट ओवरब्रिज से गिरने का खतरा बना रहता है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

फरीदाबाद स्टेशन से रोजान करीब 8 से 10 हजार यात्री विभिन्न ट्रेनों से सफर करते हैं। इस स्टेशन पर ईएमयू, मेल एक्सप्रेस समेत 80 से अधिक ट्रेनों का स्टापेज है। बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्गों का फुट ओवरब्रिज से आना जाना होता है, बावजूद रेल प्रशासन इस समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *