केदारनाथ मार्ग पर हुआ लैंडस्लाइड, तेज बारिश में रातभर चला रेस्क्यू अभियान; SDRF ने बचाई 10,450 यात्रियों की जान
19 मई की रात केदारनाथ यात्रा के सोनप्रयाग-गौरीकुंड मुख्य मार्ग पर मुनकटिया स्थान के पास भारी बारिश के कारण अचानक स्लाइडिंग होने से यात्रा मार्ग अचानक बाधित हो गया. पहाड़ियों से लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण क्षेत्र में खतरे की स्थिति बनी रही. इस हादसे के बाद बड़ी संख्या में यात्री मार्ग के दोनों ओर फंस गए थे. हालांकि यहां फंसे लगभग 10,450 यात्रियों को राहत एवं बचाव टीम ने रेस्क्यू कर लिया है और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया.
दरअसल, 19 मई की रात्रि हुई तेज बारिश के चलते सोनप्रयाग-गौरीकुंड मोटर मार्ग पर तीन स्थानों पर भारी भूस्खलन हो गया, जिससे यात्रा मार्ग अचानक बाधित हो गया. पहाड़ियों से लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण क्षेत्र में खतरे की स्थिति बनी रही.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF एवं DDRF की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने एहतियातन यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया तथा सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.
उप निरीक्षक डिमरी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर SDRF टीम ने सड़क के दूसरी ओर फंसे लगभग 10,450 यात्रियों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया. इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से मार्ग पर जमा मलबा हटाकर सड़क को पुनः वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु किया गया. रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद SDRF टीम रात्रि 12:45 बजे सकुशल कैंप वापस पहुंची.
