हरियाणा में 19 को बदलेगा मौसम, कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना; बढ़ते तापमान ने किसानों की बढ़ाई चिंता

फरवरी में असामान्य रूप से बढ़े तापमान ने किसानों की चिंता बढ़ाई हुई है। कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। तो वहीं न्यूनतम तापमान भी डबल डिजिट में पहुंचा है।
अगले 24 घंटे शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले 24 घंटे में मौसम शुष्क बना रहेगा। कुछ जगह बादल छा सकते हैं। 19 फरवरी को मौसम में बदलाव आने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला व पंचकूला में बूंदाबांदी हो सकती है। इससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। हालांकि, इस मौसमी घटनाक्रम के बाद तापमान फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा।
फसलों पर क्या असर होगा?
पानीपत स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. सतपाल सिंह के मुताबिक इस समय तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है, जो गेहूं की फसल के लिए सही नहीं है। हालांकि, अभी मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है, जो मौसम परिवर्तन में सहायक हो सकती है।
यानी दिन के तापमान में कमी देखने को मिल सकती है। औसत तापमान घटने से गेहूं की फसल प्री-मैच्योर नहीं होगी। रात की ठंड सामान्य या इससे नीचे रहेगी और मार्च तक चलेगी तो स्थिति नियंत्रित रहेगी। यदि तापमान बढ़ा तो समस्याएं हो सकती हैं।
रोहतक में एकाएक बदला मौसम
रोहतक के मौसम में रविवार को बदलाव हुआ। सुबह तेज धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद एकाएक बादल छाने लगे। शाम तक भी आंशिक रूप से बादल छाए रहे। इस बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव बताया जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार व बुधवार को बूंदाबांदी होने के आसार बने हैं।
इसके चलते न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आगामी दिनों में हो सकती है। रविवार को रोहतक का अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, रोहतक का एयर क्वालिटी इंडेक्स 152 दर्ज किया गया है।
वहीं, रविवार को नौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। ऐसे में सोमवार को भी हवा चलने व आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले 19 और 20 फरवरी को बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है। अक्सर फरवरी में बरसात के बाद ठंडक एक बार दोबारा लौटती है और इसके बाद ही मौसम सही तरीके से खुल पाएगा।