2.5 घंटे तक चक्कर काटता रहा IndiGo का विमान, टेकऑफ के बाद आई तकनीकी खामी; 127 यात्री थे सवार

0

तमिलनाडु के त्रिची एयरपोर्ट से सिंगापुर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी की शिकायत दर्ज की गई। जिसके बाद विमान को वापस त्रिची एयरपोर्ट लौटना पड़ा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 127 यात्रियों को ले जा रहा इंडिगो का विमान आपात स्थिति में लगभग ढाई घंटे तक आसमान में ही चक्कर काटता रहा।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इंडिगो के विमान ने शुक्रवार शाम लगभग 6:40 बजे उड़ान भरी थी। इसके बाद तकनीकी खामी सामने आने पर विमान करीब ढाई घंटे तक हवा में चक्कर काटता रहा और रात लगभग 9 बजे वापस त्रिची एयरपोर्ट पर उतरा।

पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए लैंडिंग से पहले विमान का ईंधन कम किया। सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए विमान और एयरपोर्ट अधिकारी लगातार संपर्क में रहे और जब विमान का ईंधन कम हो गया तो उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

एयरपोर्ट निदेशक गोपालकृष्णन ने बताया कि सिंगापुर जाने वाले सभी 127 यात्रियों के लिए वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था कर दी गई है। यात्रियों को इसी वैकल्पिक विमान से सिंगापुर भेजा जाएगा।

इससे पहले, दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुवार को मंगलुरु जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को लगभग तीन घंटे की देरी हुई। पायलट जब विमान को रनवे पर लेकर गए तो उन्हें एयरबस ए320 विमान में एक तकनीकी खामी नजर आई, जिसके बाद विमान को मरम्मत के लिए ‘बे’ में ले जाने का फैसला किया गया।

उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार 24 डॉट कॉम’ के अनुसार दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शाम 5.30 बजे उड़ान भरने वाली उड़ान संख्या 6ई-6456, एक नए विमान के साथ रात 8.28 बजे अपनी मंज़िल के लिए रवाना हुई।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *