सड़क किनारे आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा, 5 की मौत, कई घायल
बिहार के चंपारण में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छठिहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। एनएच-727 के बेतिया-लौरिया मार्ग पर बसवरिया और पराउटोला के बीच तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हैं। दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं तीन घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुआ। बताया गया कि धर्मेंद्र दुबे के घर पर छठिहार समारोह का आयोजन था। घर एनएच-727 के किनारे स्थित होने के कारण समारोह के दौरान बाहर ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम रखा गया था। आसपास के लोग सड़क किनारे खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे। इसी दौरान बेतिया की ओर जा रही शाही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और भीड़ में जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय सड़क पर एक गैस सिलेंडर लदा ट्रक भी गुजर रहा था। इसी दौरान लौरिया की तरफ से आ रही बस तेज रफ्तार में अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बस के भीड़ में घुसते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों में से तीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। वहीं, पांच घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया।
