भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई 40 टूरिस्टों से भरी बस, ड्राइवर समेत 2 की मौत, 11 घायल

0

हरियाणा के महेंद्रगढ़ में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे 152-डी (NH-152D) पर बुचावास कट के पास करीब 40 पर्यटकों से भरी एक वॉल्वो बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण टक्कर में बस ड्राइवर समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह बस हिमाचल प्रदेश के मनाली से राजस्थान के जयपुर की तरफ जा रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5:00 बजे हुआ। नेशनल हाईवे पर एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जिसमें लोहे के भारी एंगल (इंगल) लदे हुए थे। मनाली से आ रही तेज रफ्तार वॉल्वो बस ने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि सुबह के वक्त बस ड्राइवर को अचानक झपकी (नींद) आ जाने के कारण यह हादसा हुआ।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वॉल्वो बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। ट्रक में लोड लोहे के भारी एंगल कई फीट तक बस के केबिन और सीटों के अंदर घुस गए। हादसे के वक्त ज्यादातर पर्यटक सो रहे थे। टक्कर लगते ही बस के भीतर चीख-पुकार मच गई और पीछे की सीटों पर बैठे लोग उछलकर आगे आ गिरे। ड्राइवर साइड की सीट इस हादसे में पूरी तरह नष्ट हो गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और हाईवे पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। बस के दरवाजे ब्लॉक हो जाने के कारण खिड़कियों के शीशे तोड़कर और कटर की मदद से फंसे हुए पर्यटकों को बाहर निकाला गया। सभी 11 घायल पर्यटकों को तुरंत नजदीकी सिविल अस्पताल, महेंद्रगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *