उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून-नैनीताल समेत 10 जिलों में हाई अलर्ट

0

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए राज्य के 10 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी के चलते इन जिलों के स्कूल बंद रखने का फैसला किया गया। वहीं, राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए अगले दो से तीन दिनों तक येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों की लगातार बारिश से मैदानी इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद हो गईं। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर और हरिद्वार के रुड़की में बारिश का सबसे अधिक असर देखने को मिला। लगातार वर्षा के कारण तापमान में भी 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। नैनीताल झील का जलस्तर बढ़ने के बाद एहतियात के तौर पर नौकायन भी बंद कर दिया गया।

बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ा, हालांकि सभी नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। हरिद्वार में कई स्थानों पर जलभराव से बाढ़ जैसे हालात बन गए। वहीं, स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे का करीब 100 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि गंगोत्री हाईवे भी कई स्थानों पर समय-समय पर बंद और चालू होता रहा।

देहरादून में पूरे दिन बारिश होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित रही और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। शाम के समय बारिश थमने के बाद लोगों को कुछ राहत मिली।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग ने अधिकारियों को बंद ग्रामीण सड़कों को युद्ध स्तर पर खोलने के निर्देश दिए हैं, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों तक राहत और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे बिना जरूरी काम के यात्रा करने से बचें और नदियों, नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। मौसम विभाग ने नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत के लिए रेड अलर्ट, जबकि देहरादून, पौड़ी और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *