हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान- पंजाब में BJP आई तो नशा तस्करों पर होगी सख्त कार्रवाई

0

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद यदि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनती है, तो सभी मादक पदार्थ तस्करों को पंजाब से बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सत्ता में आने पर राज्य में ईमानदार और पारदर्शी शासन सुनिश्चित करेगी।

रामपुरा (अमृतसर) में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान नायब सिंह सैनी ने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशे की लत आज समाज के सामने बड़ी चुनौती बन चुकी है। नशा न केवल युवाओं के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इससे पूरे परिवार के सपने भी प्रभावित होते हैं।

सैनी ने कहा कि पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें राज्य से बाहर किया जाएगा। साथ ही, नशे की लत में फंसे युवाओं को इससे बाहर निकालने के लिए भी बड़े स्तर पर कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर चुनावी वादे पूरे करने में विफल रहने का आरोप लगाया। सैनी ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब की जनता से ईमानदार शासन देने का वादा किया था, लेकिन मौजूदा सरकार उन वादों पर खरी नहीं उतरी।

सैनी ने आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार पिछली कांग्रेस सरकार से भी अधिक भ्रष्ट साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी पंजाब में सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देगी। बीते दिनों अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी पंजाब में नशे की समस्या से खफा था।

बता दें कि पंजाब में अगला विधानसभा चुनाव 2027 में होना है। सामान्य तौर पर चुनाव फरवरी 2027 के आस-पास होने की उम्मीद है, लेकिन चुनाव आयोग ने अभी मतदान की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। वहीं,पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी के बजाय इसी साल नवंबर में कराए जाने की भी चर्चाएं हैं। राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे पर चर्चा तब शुरू हुई जब AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बठिंडा में आयोजित एक रोडशो के दौरान चुनाव जल्द होने की संभावना जताई।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *