पंचकूला में डकैती की साजिश नाकाम, विदेशी हथियारों के साथ पंजाब के 5 बदमाश गिरफ्तार

0

हरियाणा के पंचकूला की कालका थाना टीम ने हथियारों से लैस पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी किसी बड़ी डकैती को अंजाम देने की फिराक में थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध विदेशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, लोहे की रॉड, गंडासी और सुआ जैसे हथियार बरामद किए हैं. साथ ही वारदात में इस्तेमाल होने वाली बिना नंबर प्लेट की होंडा सिटी कार को भी जब्त किया गया है. सभी आरोपी मूल रूप से पंजाब के मलोट (मुक्तसर साहिब) के रहने वाले हैं, जहां से एक गैंगवार में फायरिंग करने के बाद से फरार थे.

 एसीपी कालका आशीष कुमार ने बताया कि बीते 17 जून को कालका थाना प्रभारी प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि रेस्ट हाउस और गौशाला के नजदीक एक सुनसान जगह पर होंडा सिटी कार में कुछ लड़के हथियारों के साथ बैठे हैं. सूचना थी कि वे कालका क्षेत्र में लूटपाट या डकैती की बड़ी योजना बना रहे हैं. इस पर सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो कार के पास खड़े तीन लड़के पुलिस को देखकर भागने लगे. पुलिस टीम ने मुस्तैदी से घेराबंदी कर मौके से सभी पांच आरोपियों को काबू कर लिया.

 डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आरोपी बबलू निवासी मलोट, पंजाब की तलाशी लेने पर उसकी पैंट से एक अवैध विदेशी पिस्टल और मैगजीन में लोड 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. अन्य आरोपियों की पहचान ऋतिक उर्फ मंगू, नवीश कुमार उर्फ ननु, दीपक कुमार और खुशदीप सिंह उर्फ निर्मल के रूप में हुई है, जो सभी मलोट, जिला मुक्तसर, पंजाब के निवासी हैं. पुलिस को आरोपियों के कब्जे से कई लोहे की रॉड और सुआ जैसे जानलेवा हथियार मिले हैं. पूछताछ में आरोपियों ने कुबूला कि मलोट में उनकी कुछ लड़कों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी. इस कारण 13 जून 2026 को उनका आपस में झगड़ा हुआ, जहां बबलू ने सरेआम फायरिंग की थी. इस संबंध में पंजाब के थाना सदर मलोट में इनके खिलाफ हत्या के और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है. फरार होने के बाद आरोपियों के पैसे खत्म हो गए, जिस कारण ये कालका में डकैती की साजिश रच रहे थे.

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय की धारा 310(4) और आर्म्स एक्ट के तहत कालका थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी रितिक उर्फ मंगू एक आदतन और शातिर अपराधी है, जिस पर पंजाब में पहले से ही नशा तस्करी, चोरी और लड़ाई-झगड़े के कई संगीन मामले दर्ज हैं. सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी दीपक और खुशदीप को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया, जबकि मुख्य आरोपी बबलू, रितिक और नवीश की चार दिन की पुलिस रिमांड हासिल की गई है. पुलिस ने दावा किया कि आरोपियों से पूछताछ कर इनसे बरामद हथियारों के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर