मोहाली में अपराधियों का कहर: 10वीं के छात्र को अगवा कर गाड़ी से बाहर फेंका
मोहाली। खरड़ के निकट चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के पास एक 16 वर्षीय छात्र का अपहरण कर लिया गया। 30 अप्रैल को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच सिल्ल् गांव के पास बाइक सवार छात्र को पहले टक्कर मारी गई, फिर उसे मारपीट कर जबरन स्कार्पियो में डालकर अगवा कर लिया गया।
कक्षा 10वीं का छात्र अपने दोस्तों के साथ स्कूल से घर लौट रहा था, तभी दो युवक बाइक पर आए और उनका पीछा करने लगे। इसके कुछ समय बाद काले रंग की स्कार्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे तीनों छात्र सड़क पर गिर गए।
इसके बाद वाहन से उतरे छह युवकों ने छात्र पर हमला कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि गुरप्रीत ने डंडे से उसके कंधे, हाथ और पैर पर वार किया, जबकि अन्य आरोपितों ने उसे लात-घूंसों से पीटा।
सभी ने मिलकर उसे जबरन स्कार्पियो में डाल दिया और उसके दो साथियों को मौके पर ही छोड़ दिया। चलती गाड़ी में भी छात्र के साथ मारपीट जारी रही और उसे लगातार धमकियां दी जाती रहीं। वाहन को थेहरी और मोरिंडा बाईपास जैसे इलाकों से घुमाया गया।
