चंडीगढ़ कैशियर मर्डर केस: जम्मू-कश्मीर में एनकाउंटर, भागने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली

0

चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में मौजूद कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास हत्याकांड में गिरफ्तार दो आरोपियों का गुरुवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। पुलिस दोनों आरोपियों को जम्मू से गिरफ्तार कर चंडीगढ़ ला रही थी। इसी दौरान धनास के पास पुलिस का वाहन हादसे का शिकार हो गया, इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैरों में गोली मारकर उन्हें काबू कर लिया।

पुलिस के अनुसार धनास के पास पुलिस की गाड़ी एक पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना के बाद वाहन में पीछे बैठे दोनों आरोपी मौके का फायदा उठाकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वे नहीं रुके। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के पैरों में गोली मारी। घायल आरोपियों को इलाज के लिए सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपियों को जम्मू से चंडीगढ़ लाया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन चालक को झपकी आने के कारण गाड़ी पेड़ से टकरा गई। इसी बीच दोनों शूटर भागने लगे। पुलिस का दावा है कि जब एक कांस्टेबल ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसकी पिस्टल छीन ली और फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने इंस्पेक्टर सिखों पर भी गोली चलाई, हालांकि वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पैरों को निशाना बनाया।

इससे पहले बुधवार को चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनी और आर्यन के रूप में हुई है। हालांकि मामले का तीसरा आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस दोनों को जम्मू से चंडीगढ़ लेकर आ रही थी, तभी यह घटना हुई।

जांच में अब तक सामने आया है कि फरार आरोपी ने ही जानकी दास पर गोलियां चलाई थीं। पुलिस को उसके ट्राईसिटी कनेक्शन के भी सुराग मिले हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी ने वारदात से पहले इलाके में रहकर रेकी की थी। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। यह इलाका जंगलों से घिरा हुआ है। जांच एजेंसियों को आशंका थी कि आरोपी वहीं छिपे हुए हैं। इसी कारण चंडीगढ़ पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस की मदद लेकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया था।

बीते शनिवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में स्थित मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने ऑटोमैटिक हथियार से करीब 11 राउंड फायर किए थे, जिससे जानकी दास की मौके पर ही मौत हो गई। जानकी दास मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र के रहने वाले थे और पिछले 24 वर्षों से चंडीगढ़ में कार्यरत थे।

जानकी दास की पत्नी ईना मच्छरेट हाल ही में रोहड़ू के दलगांव क्षेत्र से प्रधान चुनी गई हैं। वह इससे पहले पीजीआई में अटेंडेंट के तौर पर कार्य कर चुकी हैं। हत्या के बाद से परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

पुलिस जांच के अनुसार इस हत्याकांड में कुल तीन आरोपी शामिल थे। दो ने फायरिंग की थी, जबकि तीसरा आरोपी बाइक पर उनका इंतजार कर रहा था। वारदात के बाद आरोपी सेक्टर-43 बस स्टैंड के सामने स्थित सेक्टर-52 के कजेहड़ी इलाके पहुंचे, जहां उन्होंने नए कपड़े खरीदे। इसके बाद नाई की दुकान में कपड़े बदलकर ऑटो के जरिए बस स्टैंड पहुंचे और बस से दिल्ली फरार हो गए। बाद में वे ट्रेन के जरिए जम्मू पहुंच गए थे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *