चंडीगढ़ में मेडिकल स्टोर कैशियर हत्याकांड, ड्यूटी में लापरवाही पर 5 पुलिसकर्मी निलंबित
चंडीगढ़: सेक्टर-11 में दिनदहाड़े मेडिकल स्टोर के कैशियर की हत्या की घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है. कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगाए गए पुलिस नाकों के औचक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. इनमें तीन महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.
हत्याकांड के बाद बढ़ाई गई निगरानी: सेक्टर-11 में मेडिकल स्टोर के कैशियर की दिनदहाड़े हत्या के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए नाकों और सुरक्षा प्रबंधों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
पुलिस अधिकारियों द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाए गए नाकों का अचानक निरीक्षण किया गया. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के प्रति गंभीर नहीं पाए गए. निरीक्षण में सामने आई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की सिफारिश की.
5 पुलिसकर्मी किए गए निलंबित: ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस ने कुल 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. निलंबित किए गए कर्मचारियों में तीन महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
चंडीगढ़ पुलिस के एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह ने इस संबंध में निलंबन के आदेश जारी किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और ड्यूटी के दौरान लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे. मेडिकल स्टोर कैशियर हत्याकांड के बाद हुई इस कार्रवाई को पुलिस विभाग का एक सख्त संदेश माना जा रहा है.
