Haryana: प्रवासी वोट बैंक पर भाजपा की नजर, हरियाणा के सात जिलों में मनाया जाएगा बिहार दिवस

0

चंडीगढ़। लोकसभा, विधानसभा और शहरी निकाय चुनाव के बाद हरियाणा भाजपा अब बिहार में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। नवंबर 2025 में बिहार में विधानसभा चुनाव हैं।

हरियाणा के सात जिलों में बिहार दिवस मनाने का निर्णय लिया

बिहार मूल के लाखों लोग हरियाणा में रहते हैं, इसलिए उन्हें अपनी पार्टी से जोड़ने के लिए भाजपा ने हरियाणा के सात जिलों में बिहार दिवस मनाने का निर्णय लिया है। इन कार्यक्रमों में भाजपा के राज्यस्तरीय नेता शामिल होंगे, ताकि बिहार के लोगों को यह भरोसा दिलाया जा सके कि पार्टी उनके सुख-दुख में बराबर की साझीदार है। इसका फायदा बिहार में होने वाले चुनाव में मिल सकता है।

प्रदेश के जिन सात जिलों में 22 मार्च को बिहार दिवस कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है, उनमें यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत और सोनीपत जिले शामिल हैं। आसपास के जिलों में रहने वाले बिहार के लोगों को भी इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया है।

हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने बिहार दिवस कार्यक्रमों के लिए प्रदेश तथा जिला स्तर पर समितियों का गठन किया है। भाजपा की प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता को प्रदेश समिति का संयोजक बनाया गया है, जबकि पवन यादव, राजकुमार कटारिया व वेद पाराशर को सह संयोजक नियुक्त किया गया है।

बिहारी वोटबैंक पर सरकार की नजर

भाजपा हरियाणा की तर्ज पर देश के उन राज्यों में भी बिहार दिवस मना रही है, जहां बिहार मूल के लोग अधिक रहते हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान स्वाभाविक रूप से यह लोग मतदान करने अपने राज्य में जाएंगे। ऐसे में मतदान करते समय उनके दिमाग में भाजपा के इस प्रेम और सम्मान की याद रहना संभव है।

 

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *