मोदी मित्र कैंप में शामिल हुए भाजपा नेता: मनीष ग्रोवर ने बीजेपी सदस्यता अभियान में 13 हजार लोगों को जोड़ा, सीएम सैनी ने दी बधाई
रोहतक में बीजेपी के सीनियर नेता मनीष कुमार ग्रोवर मोदी मित्र कैंप में शामिल हो गए हैं। मनीष कुमार ग्रोवर ने देशभर में चल रहे बीजेपी सदस्यता अभियान में 13 हजार से अधिक लोगों को सदस्य बनाया है। जिसके बाद उन्हें मोदी मित्र कैंप में शामिल किया गया है। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
हरियाणा में केवल बीजेपी के 12 नेताओं ने ही 10 हजार से अधिक सदस्य बनाए हैं। मोदी मित्र कैंप में शामिल होने के बाद पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने मीडिया से बात की है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए राष्ट्र और संगठन सबसे ऊपर है। मनीष ग्रोवर ने कहा कि उन्होंने केवल भाजपा संगठन के लिए काम किया है।
हमेशा वह भाजपा के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में कई उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपने संगठन को छोड़ने के बारे में नहीं सोचा। उन्होंने कहा राजनीतिक जीवन में केवल ऐसे लोग संगठन बदलते हैं,जिनका निजी स्वार्थ होता है।
मनीष ग्रोवर ने कहा कि आने वाले समय में भी भाजपा सरकार उन्हें जो ड्यूटी देगी, उसे वह पूरा करेंगे। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत की प्रशंसा भी की है। उन्होंने कहा कि आज सभी कार्यकर्ताओं की सहायता से रोहतक में 13000 से ज्यादा लोगों को सदस्यता अभियान से जोड़ा गया है। जनता का भाजपा पर विश्वास है। आने वाले समय में पार्टी का संगठन धरातल पर मजबूत बनेगा।