‘Arvind Kejriwal की जान को खतरा…’ CM आतिशी का ने किया बड़ा दावा

दिल्ली चुनाव से पहले सीएम आतिशी ने बड़ा दावा किया है। आतिशी का कहना है कि AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल की जान को खतरा है। बीजेपी उनकी जान के साथ खिलवाड़ कर रही है। आतिशी के इस दावे के बाद दिल्ली की सियासत में खलबली मच गई है। आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए केजरीवाल की जान को खतरा बताया है। इस दौरान उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे।
सीएम आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की साजिश रची जा रही है। इस साजिश में 2 खिलाड़ी हैं। पहला बीजेपी के कार्यकर्ता और दूसरा अमित शाह के अंतर्गत आने वाली दिल्ली पुलिस। बीजेपी और दिल्ली पुलिस की जुगलबंदी से केजरीवाल जी की जान लेने की कोशिश की जा रही है।
अरविंद केजरीवाल पर हो रहे हमलों की लिस्ट गिनाते हुए सीएम आतिशी ने कहा कि 24 अक्टूबर को विकासपुरी में दिल्ली पुलिस की नाक के नीचे अरविंद केजरीवाल जी पर हमला हुआ। सोशल मीडिया पर पता चला कि हमलावर बीजेपी का कार्यकर्ता है। पुलिस ने इस मामले पर कुछ नहीं किया।
आतिशी ने कहा कि 30 नवंबर को मालवीय नगर में पब्लिक इवेंट के लिए जाते हुए अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ। इसके बाद 18 जनवरी को नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर फेंके गए। पुलिस इसकी जांच करने नहीं गई। हमने सोशल मीडिया पर जांच की तो पता चला कि सारे हमलावर बीजेपी के पदाधिकारी थे। दिल्ली पुलिस ने न उन्हें रोका और न उनपर एक्शन लिया।
आतिशी ने कहा कि कल हरिनगर में अरविंद केजरीवाल की गाड़ी तक हमलावर पहुंच गए और दिल्ली पुलिस ने कुछ नहीं किया। संजय सिंह को वहां जाकर हमला रोकना पड़ा। बीजेपी वाले कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल के पास z+ सिक्योरिटी है। मैं पूछना चाहती हूं कि इस देश के इतिहास में पहले कभी ऐसा हुआ है कि z+ सिक्योरिटी वाले पर हमला होता है और पुलिस सामने नहीं आती।
सीएम आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पर हमले के कारण पंजाब पुलिस ने उन्हें सुरक्षा देना शुरू किया। मगर चुनाव से 10 दिन पहले पंजाब पुलिस को उनकी सुरक्षा से हटा दिया गया।